पुणे में भड़की मराठा आरक्षण की आग, धारा 144 लागू- pune-maratha-reservation

पुणे: महाराष्ट्र में मराठा आरक्षण को लेकर एक बार फिर उबाल शुरू हो गया है। पुणे में आरक्षण को लेकर जारी आंदोलन ने हिंसक शक्ल ले ली है। यहां चाकन इलाके में धारा 144 लागू कर दी गई है। उधर, कांग्रेस के विधायकों और पार्टी नेताओं ने पत्र लिखकर राज्यपाल विद्यासागर राव से मामले में हस्तक्षेप करने की अपील की है। पुणे में मराठा आरक्षण को लेकर प्रदर्शन हिंसक हो गए हैं। प्रदर्शकारियों ने तोड़फोड़ और आगजनी की है। रिपोर्ट्स के मुताबिक पुणे-नासिक हाइवे पर स्थित चाकन इंडस्ट्रियल इलाके में राज्य परिवहन विभाग और पुणे नगर पालिका की 25 बसों को आग के हवाले कर दिया गया। टायरों को भी जला दिया गया है और सड़कों को जाम किया गया है। प्रदर्शनकारियों ने जमकर पथराव भी किया है। माना जा रहा है कि प्रदर्शनों के पीछे मराठा क्रांति मोर्चा के कार्यकर्ता हैं। तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। इलाके में धारा 144 लागू कर दी गई है। इसके चलते चार से अधिक लोगों के संगठन पर पाबंदी लग गई है। गौरतलब है कि शुक्रवार को ऐसे ही प्रदर्शन मुंबई में हुए थे। सरकारी बसों और ट्रेनों का रास्ता बाधित किया गया था। उधर, महाराष्ट्र कांग्रेस के विधायकों और सीनियर नेताओं ने अब राज्यपाल विद्यासागर राव का रुख किया है। उन्होंने आपस में बैठक करने के बाद पत्र लिखा है। उन्होंने सरकार पर माराठाओं को 16 प्रतिशत आरक्षण देने की प्रक्रिया में तेजी लाने का दबाव बनाने के लिए हस्तक्षेप करने की अपील की है।
Share on Google Plus

0 comments:

Post a Comment