कोरोना देश में: मुंबई में आज 5,504 नए संक्रमित मिले, यह एक दिन में अब तक के सबसे ज्यादा केस; 81% नए मामले महाराष्ट्र, गुजरात समेत 6 राज्यों में


मुंबई में आज कोरोना के 5,504 नए मरीज मिले। यह आंकड़ा एक दिन में अब तक का सबसे ज्यादा है। वहीं, देश में कोरोना संक्रमण के 81% नए मामले महाराष्ट्र और गुजरात समेत छह राज्यों से आ रहे हैं।

हेल्थ मिनिस्ट्री ने गुरुवार को बताया कि महाराष्ट्र, केरल, पंजाब, कर्नाटक, गुजरात, तमिलनाडु और मध्य प्रदेश में संक्रमण तेजी से पांव पसार रहा है। इनमें से महाराष्ट्र और गुजरात ऐसे दो राज्य हैं, जहां महामारी शुरू होने के बाद एक दिन में सबसे ज्यादा पॉजिटिव केस में उछाल आया है।

इस बीच, कर्नाटक सरकार ने बेंगलुरु आने वाले लोगों के लिए कोरोना निगेटिव रिपोर्ट जरूरी कर दी है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री के सुधाकर ने बताया कि अन्य राज्यों से आने वाले लोगों को RT-PCR टेस्ट की निगेटिव रिपोर्ट दिखाना अनिवार्य होगा।

आज 4 लाख के पार हो जाएगा एक्टिव केस का आंकड़ा

देश में रोजाना मिल रहे कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 50 हजार के पार हो गया है। बुधवार को 53,419 मरीज मिले। 26,575 ठीक हुए और 249 की मौत हो गई। नए संक्रमितों का यह आंकड़ा 23 अक्टूबर के बाद सबसे ज्यादा है। तब 53,931 मरीज मिले थे। बीते 24 घंटे में सबसे ज्यादा 31,855 मरीज महाराष्ट्र में मिले। यहां 15,098 मरीज ठीक हुए और 95 संक्रमितों की मौत हो गई।

बीते 24 घंटे में एक्टिव केस, यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में 26,588 की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसके साथ ही कुल एक्टिव केस 3.91 लाख हो गए। आज यह 4 लाख के पार हो जाएगा। देश में अब तक 1 करोड़ 17 लाख 87 हजार 13 लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 1 करोड़ 12 लाख 29 हजार 591 ठीक हो चुके हैं, जबकि 1.60 लाख मरीजों ने जान गंवाई है। ये आंकड़े covid19india.org से लिए गए हैं।

कोरोना अपडेट्स...

  • उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता हरीश रावत को दिल्ली एम्स में भर्ती कराया गया है। उन्हें गुरुवार को राज्य सरकार की एयर एंबुलेंस से ले जाया गया। एक दिन पहले ही वे कोरोना पॉजिटिव हुए थे।
  • देश में कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित महाराष्ट्र वैक्सीन के 50 लाख डोज लगाने वाला पहला राज्य बन गया है। राज्य के हेल्थ सेक्रेटरी डॉ. प्रदीप व्यास ने बताया कि अब तक राज्य में वैक्सीन की 50.14 लाख डोज दी जा चुकी है। इनमें 6.72 लाख लोगों को वैक्सीन की दोनों डोज लगाई जा चुकी है।
  • इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (ICMR) के मुताबिक, देश में 24 मार्च तक 23 करोड़ 75 लाख 3 हजार 882 सैंपलों की जांच की जा चुकी है। इसमें बीते दिन के 10 लाख 65 हजार 21 टेस्ट भी शामिल हैं।
  • महाराष्ट्र में अब तक 2.03 लाख लोगों पर मास्क नहीं पहनने के लिए जुर्माना लगाया गया है। मुंबई पुलिस के PRO ने बताया कि इससे अब तक 4.06 करोड़ रुपए जुर्माना वसूला गया है।
  • कोविड वैक्सीनेशन के लिए बने इम्पावर्ड ग्रुप के चेयरमैन ने आरएस शर्मा बताया कि को-विन अब दूसरे डोज का शेड्यूल ऑटोमैटिकली अपॉइंट नहीं करेगा। तय किए गए वैक्सीन के दो डोज के बीच का अंतर के हिसाब से लोगों को खुद इसे शेड्यूल करना होगा।
  • उत्तराखंड की नैनीताल हाईकोर्ट ने कुंभ में आने वाले तीर्थयात्रियों के लिए कोविड-19 की निगेटिव RT-PCR रिपोर्ट लाना अनिवार्य कर दिया है। यह रिपोर्ट 3 दिन से पुरानी नहीं होनी चाहिए।
  • कुंभ आने वालों को एक और विकल्प दिया गया है, जिसके तहत तीर्थयात्री कोरोना वैक्सीनेशन का सर्टिफिकेट भी दिखा सकते हैं। हाईकोर्ट ने मुख्य सचिव ओम प्रकाश और सचिव स्वास्थ्य अमित नेगी को हरिद्वार में ही रहकर व्यवस्थाओं पर नजर रखने का आदेश भी दिया है।
  • राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र (NCDC) के डायरेक्टर डॉ. एसके सिंह ने बताया कि देश के 18 राज्यों में कोरोना वायरस वैरिएंट के 771 मामलों का पता चला है। इनमें ब्रिटेन के 736, दक्षिण अफ्रीका के 34 और ब्राजील वैरिएंट के 1 केस सामने आए हैं।
  • महाराष्ट्र के बीड़ और नांदेड़ में 26 मार्च से 4 अप्रैल तक लॉकडाउन लगाने के निर्देश जारी किए गए हैं। इस दौरान शहर में मैरिज हॉल, होटल और रेस्टोरेंट बंद रहेंगे। साथ ही कॉलेज और स्कूल भी नहीं खोले जाएंगे। इसके अलावा सभी प्राइवेट ऑफिस भी बंद रखने और वर्क फ्रॉम होम करने के निर्देश दिए गए हैं।

Share on Google Plus

0 comments:

Post a Comment